
राजीव गांधी फाउंडेशन का लाइसेंस रद्द करना राजनीतिक दुर्भावना का प्रतीक:गहलोत







जयपुर। सीएम अशोक गहलोत ने कहा हैं कि राजीव गांधी फाउंडेशन और राजीव गांधी चैरिटेबल ट्रस्ट का एफसीआरए लाइसेंस रद्द करना मोदी सरकार की राजनीतिक दुर्भावना का प्रतीक है। गहलोत ने एक बयान में कहा कि दोनों संस्थानों का भूकम्प, सुनामी, कोविड समेत हर आपदा में पीडि़तों की मदद का इतिहास रहा है। राजीव गांधी फाउंडेशन अनाथों, महिलाओं एवं दिव्यांगों की सेवा का काम करता है। सीएम गहलोत ने कहा कि राजीव गांधी चैरिटेबल ट्रस्ट महिला सशक्तिकरण एवं दृष्टिबाधितों की सेवा का कार्य कर रहा है। सिर्फ राजनीतिक कारणों से इन संस्थानों पर हमला करना मोदी सरकार द्वारा गांधी परिवार को बदनाम करने के लिए किया गया एक और कुप्रयास ही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार कितनी भी कोशिश कर ले, गांधी परिवार को जनता की सेवा करने से नहीं रोक सकती है। ऐसे कुप्रयासों से मोदी सरकार जनता की नजरो में खुद को ही एक्सपोज कर रही है। गौरतलब हैं कि केन्द्र सरकार ने इन दोनों संस्थानों का लाइसेंस रद्द कर दिया हैं। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने आरोप लगाया हैं कि राजीव फाउंडेशन ने चीन से चंदा लिया हैं।


