
बीकानेर से बजेगा राजे का बिगुल!, वसुंधरा राजे आएगी बीकानेर , कमान भाजपा छोड़ चुके मगरे के शेर भाटी को






खुलासा न्यूज़ , बीकानेर । पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे 9 अक्टूबर को बीकानेर आ रही हैं। यहां देशनोक करणी माता मंदिर में दर्शन के साथ ही देहात और शहर में बड़ी जनसभाओं को भी संबोधित करने की योजना बन रही है। फिलहाल इतना तय है कि वो बीकानेर पश्चिम के पूर्व विधायक गोपाल जोशी के निधन पर शोक जताने उनके निवास पर जाएंगे। वहीं, बीकानेर पूर्व की विधायक सिद्धिकुमारी से भी मिलने उनके आवास पर जाएंगी। खास बात ये है कि वसुंधरा राजे की बीकानेर यात्रा की कमान शहर या देहात भाजपा के बजाय पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी के पास है, जो पहले ही भाजपा छोड़ चुके हैं।
माना जा रहा है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में अपना दमखम दिखाने के लिए राजे बीकानेर से शुरुआत कर रही है। इससे पहले भी परिवर्तन यात्रा के दौरान भी राजे बीकानेर के देशनोक मंदिर आई थी। पिछले विधानसभा चुनाव से पहले भी राजे ने करणी माता के दर्शन किए थे।
भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने बताया कि वसुंधरा राजे 9 अक्टूबर को देशनोक आएंगी। इसके बाद पूर्व विधायक गोपाल जोशी और बीकानेर पूर्व की विधायक सिद्धिकुमारी के आवास पर जाएंगी।


