Gold Silver

आज हो सकता है कांग्रेस अध्यक्ष की दावेदारी पर फैसला

जयपुर । कांग्रेस अध्यक्ष पद पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नाम को लेकर चल रही सियासी चर्चाओं के बीच आज पार्टी की सबसे सुप्रीम बॉडी कांग्रेस वर्किंग कमेटी की वर्चुअल बैठक बुलाई गई है। सीडब्ल्यूसी की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव कार्यक्रम और इस पर नामांकन भरने वाले नेताओं पर तस्वीर साफ होने की संभावना है। इस बैठक के फैसलों को लेकर सियासी हलकों में जबर्दस्त चर्चा है। राजस्थान के आगामी सियासी समीकरण के लिहाज से भी कांग्रेस अध्यक्षपद पर होने वाला फैसला काफी अहम होगा। दोपहर बाद 3:30 बजे से सीडब्ल्यूसी की वर्चुअल बैठक होगी। सोनिया गांधी इलाज के लिए अमेरिका दौरे पर हैं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी साथ हैं,तीनों अमेरिका से ही वर्चुअल बैठक में जुड़ेंगे। राजस्थान से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सीडब्ल्यूसी सदस्य रघुवीर मीणा, गुजरात प्रभारी रघु शर्मा, पंजाब प्रभारी हरीश चौधरी, भंवर जितेंद्र सिंह और प्रदेश प्रभारी अजय माकन बैठक से जुड़ेंगे।
यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब जी-23 के अगुवा गुलाम नबी आजाद राहुल गांधी पर चापलूसों से घिरे रहने और पार्टी को बर्बाद करने के आरोप लगाकर कांग्रेस छोड़ चुके हैं। मनीष तिवारी भी खुलकर सामने आ चुके हैं। आनंद शर्मा सहित इस ग्रुप से जुड़े कई और नेता भी खुलकर सामने आने की तैयारी में हैं। आज की बैठक गुलाम नबी के कांग्रेस छोडऩे से पहले तय हो चुकी थी। बताया जाता है कि आज जी-23 से जुड़े नेताओं के मुद्दों पर चर्चा होना तय है, क्योंकि निशाने पर राहुल गांधी हैं। राहुल गांधी की अगुवाई में ही 4 सितंबर से महंगाई के खिलाफ यात्रा की शुरुआत कन्या कुमारी से हो रही है। इस यात्रा के साथ कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव और अगले विधानसभा चुनावों की रणनीति पर भी बैठक में चर्चा होगी।
गैर गांधी अध्यक्ष पद पर राहुल अड़े तो गहलोत का नाम आगे बढ़ाने की संभावना
कांग्रेस में गांधी परिवार के नजदीकी नेताओं का एक धड़ा राहुल गांधी को ही फिर से अध्यक्ष बनाने पर अड़ा हुआ है। इस धड़े में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी प्रमुख हैं। गहलोत कई बार राहुल गांधी को ही अध्यक्ष बनाने की पैरवी कर चुके हैं। आज की सीडब्ल्यूाी में गहलोत सहित कई नेता राहुल गांधी को ही फिर से अध्यक्ष बनाए जाने की पेशकश कर सकते हैं। जी—23 से जुड़े नेताओं ने जिस तरह राहुल गांधी को टारगेट किया है, उससे मौजूदा सियासी हालात को देखते हुए राहुल गांधी गैर गांधी को अध्यक्ष बनाए जाने के फार्मूला पर अड़ सकते हैं। ऐसे में राजस्थान सीएम अशोक गहलोत का नाम आगे किया जा सकता है। कुछ दक्षिण के नेताओंऔर दलित नेताओं के नामों की भी चर्चा है। गहलोत ने इनकार किया लेकिन फिर हाईकमान पर छोड़ा
कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चाओं को गहलोत ने पहले सिरे से खारिज किया। यहां तक कहा ​प्रस्ताव आया तो साफ मना कर दिया जाएगा। गहलोत राहलु गांधी को ही अध्यक्ष बनाने की पैरवी कर रहे हैंं। ​गहलोत इसके साथ यह भी तर्क दे रहे हैं कि हाईकमान यानी सोनिया गांधी कहेंगी वह करुंगा। पिछले 10 दिन में कांग्रेस अध्यक्ष बनने की चर्चाओं के सवाल पर गहलोत के बयानों में बदलाव आया है।
राजस्थान की सियासत के लिए टर्निंग पॉइंट हो सकता है फैसला
कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में अशोक गहलोत का नाम अध्यक्ष पद पर आगे करने और नहीं करने की दोनों ही हालत में राजस्थान की राजनीति के लिए टर्निंग पॉइंट माना जाएगा। इससे राजस्थान की सियासत में कई बदलाव होंगे। सचिन पायलट खेमे के समीकरण भी बदलेंगे। अध्यक्ष का चुनाव आगे खिसकाने का भी विकल्प मौजूदा राजनीतिक हालात को देखते हुए अध्यक्ष पद पर फैसला आगे टलने की भी संभावना है। जी—23 से जुड़े नेताओं के मुद्दों के अलावा राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को देखते हुए अध्यक्ष पर फैसला कुछ समय के लिए टालने का विकल्प अपनाया जा सकता है। इसके लिए सीडब्ल्यूसी की आगे ऑफलाइन बैठक बुलाकर फैसला करने को कहा जा सक ता है। फिलहाल सबकी निगाह आज की बैठक पर टिकी हैं।

Join Whatsapp 26