
5 रुपए के नींबू मांगे तो सिर में मारी गोली





दुकानदार से हुआ विवाद एक ग्राहक के लिए जानलेवा बन गया। दुकानदार के साथियों ने विवाद का बदला लेने के लिए पीड़ित के घर पर धावा बोल दिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले पीड़ित के घर के बाहर चार-पांच बार फायरिंग की। उसके बाद उसे भी गोली मार दी। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
मामला भरतपुर के डीग थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने बताया कि बहज गांव के दिनेश जाटव (30) पुत्र रामजीत का बुधवार शाम नींबू लेने महेंद्र बच्चू की दुकान पर गया था। यहां उसने 5 रुपए के नींबू ले लिए। महेंद्र ने पैसे मांगे तो उसने 100 रुपए का नोट दिया। खुले पैसे की बात पर दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हो गई।
घर पर मारी गोली
आरोप है कि इसके बाद दुकानदार के साथियों ने रात 8.30 बजे दिनेश के घर पहुंचकर फायरिंग कर दी और उसकी कनपटी पर गोली मार दी। गोली दिनेश के कान को छूते हुए निकल गई। घायल के भाई भूरा ने बताया कि हमला दुकानदार के साथियों ने किया है।


