
बॉयफ्रेंड और शादीशुदा गर्लफ्रेंड ने फंदा लगाकर सुसाइड किया






चूरू में बॉयफ्रेंड और शादीशुदा गर्लफ्रेंड ने फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। दोनों ने लड़के के घर में आत्महत्या की। लड़की 11वीं कक्षा में पढ़ती थी।
सांडवा थानाधिकारी सुरेन्द्र कुमार पोल ने बताया कि मंगतूराम मेघवाल (27) और पूजा मेघवाल (18) के बीच एक साल से अफेयर था। दोनों ने शुक्रवार देर रात लड़के के घर के कमरे में फांसी का फंदा लगा लिया। घटना के समय घर में कोई नहीं था। लड़के के पिता रूघाराम मेघवाल व परिवार के अन्य लोग खेत में रहते हैं। युवक घर में अकेला रहता था। घटना की सूचना पर पुलिस और बीदासर एसडीएम श्योराम वर्मा पहुंचे।
सांडवा थानाधिकारी ने बताया कि लड़की के पिता पूर्णाराम ने मामला दर्ज करवाया है। पिता ने बताया कि पूजा 11वीं क्लास में पढ़ती थी। करीब चार साल पहले लालगढ़ में आटा-साटा में श्रवणराम के साथ शादी हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही वह पीहर आ गई थी। पूजा के परिवार के लोग रात को खाना खाकर सो गए थे। सुबह घर में पूजा के नहीं दिखने पर गांव में तलाश की। शक होने पर मंगतूराम के घर गए। घर के आगे उसकी बाइक खड़ी थी। घर के अंदर जाकर देखा तो कमरा अंदर से बंद था। खिड़की से देखने पर दोनों फंदे पर लटके मिले।


