
मुंबई में लॉकडाउन का डर बढ़ने लगा:फिर दिखी UP-बिहार जाने वाली भीड़






तीसरी लहर की रफ्तार ने मुंबई को झकझोर दिया है। मुंबई में एक दिन में 20 हजार से ज्यादा केस सामने आने के बाद ही लोग भय और आशंकाओं से घिर गए हैं। लॉकडाउन का डर फिर सताने लगा है। साथ ही शुरू हो गई है प्रवासियों की जद्दोजहद, दर्द और बेबसी भरी वो दौड़… जिसे पिछले साल भी हमने देखा था।
एक बार फिर यूपी और बिहार जाने वाली ट्रेनें खचाखच भरने लगी हैं। रोजगार छूटने की बेबसी लिए लोग कंधे पर पूरी गृहस्थी लादे भागे चले जा रहे हैं। कतारों का कोई अंत नहीं दिखाई दे रहा है। हर किसी को बस एक ही फिक्र है…ट्रेन में जगह पाने की, ताकि लॉकडाउन से पहले अपनों के बीच पहुंच सकें। सैकड़ों किलोमीटर का वह सफर न करना पड़े, जो पिछले साल कइयों के लिए जानलेवा बन गया था।
भास्कर रिपोर्टर राजेश गाबा जब गुरुवार रात मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस रेलवे स्टेशन पहुंचे तो यही आपाधापी दिखी। उन्होंने फैसला किया रात 9 बजे से सुबह 9 बजे तक 12 घंटे यहीं गुजारने का, ताकि जान सकें कि लोगों पर डर और फिक्र किस कदर हावी है। 12 घंटे में बेबसी की कई कहानियां दौड़ती-भागती दिखीं। इनमें से 6 आपके लिए चुनीं।


