
पंजाब की सियासत में किसान की ताकत, मोर्चा बनाया, सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे





विधानसभा चुनाव से कुछ दिन पहले पंजाब की सियासत में किसानों ने बड़ा धमाका किया है। दिल्ली बॉर्डर पर कामयाब आंदोलन कर लौटे किसान संगठनों ने चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। राज्य के 32 में से 25 किसान संगठन अब राजनीति में सीधे शामिल होंगे। इसके लिए संयुक्त समाज मोर्चा बनाया गया है। उनकी ओर से BKU राजेवाल के नेता बलबीर सिंह राजेवाल मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। इससे पहले चंडीगढ़ में मीटिंग हुई। इसके बाद किसानों ने यह घोषणा की।
किसान नेता हरमीत कादियां ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा अलग-अलग सोच वाले लोगों से बना था। पंजाब लौटने पर स्वागत हुआ और लोगों की हमसे उम्मीदें बढ़ गई है। हम पर दबाव था कि अगर आप दिल्ली मोर्चा जीत सकते हो तो पंजाब को भी सुधार सकते हो। जनता की आवाज सुनते हुए नया संयुक्त मोर्चा शुरू कर रहे हैं। 22 संगठनों ने फैसला लिया है। 3 संगठन और हमारे साथ जल्द जुड़ जाएंगे।


