
आठवीं में पढऩे वाले विद्यार्थियों के लिए यह खबर है अहम: जाने क्या है माजरा






खुलासा न्यूज,बीकानेर। अब आठवीं में फेल होने पर विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रमोट का मौका नहीं मिलेगा। ऐसे विद्यार्थियों को फिर से आठवीं कक्षा में पढ़कर व परीक्षा देकर ही पास होना होगा। उच्च स्तर पर गजट नोटिफिकेशन इसी सत्र से लागू करने की कवायद चल रही हैं। एक्सपर्ट एवं शिक्षाविदों के अनुसार नया गजट नोटिफिकेशन इसी सत्र से लागू होने से इस संबंध में जल्द से जल्द स्पष्ट आदेश जारी करने की सलाह दी हैं ताकि समय रहते आठवीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों को इस बात की जानकारी मिले और उसी अंदाज में सीरियस होकर पढ़ सके। इधर शिक्षा विभाग के जिला स्तर के अधिकारियों को भी इस आदेश का इंतजार है। शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत पहली से आठवीं तक के बच्चों को फेल नहीं करने का नियम हैं। हालांकि इसमें ग्रेडिंग निर्धारित होती हैं। अब आठवीं कक्षा के लिए अब नियम बदल गए हैं। केंद्र व राज्य सरकार का गजट नोटिफिकेशन के जरिए बदलाव किए हैं। 16 सितंबर 2020 को गजट नोटिफिकेशन जारी हुआ था। इसमें बताया था कि आठवीं में अब विद्यार्थी फेल भी हा़े सकेंगे। इस संबंध में केंद्र सरकार ने अधिसूचना जारी की थी। इसके अनुसार आठवीं कक्षा की मुख्य परीक्षा में यदि कोई विद्यार्थी पास नहीं होता है तो उसे सप्लीमेंट्री घोषित किए जाने का प्रावधान तय हुआ है। सप्लीमेंट्री परीक्षा का आयोजन 60 दिन के भीतर होगा। इसमें फेल होने पर विद्यार्थी को कक्षा नवीं में दाखिला नहीं दिया जाएगा। ऐसे विद्यार्थियों को फिर से कक्षा आठवीं पढऩी होगी।


