
छत पर बैठकर शराब पी रहा था, सिर के बल जमीन पर गिरा; फिर उठ नहीं पाया






भरतपुर के बयाना थाना इलाके से एक दिल दहलाने वाला वीडियो सामने आया है। एक युवक छत से गिरता है और उसकी मौके पर ही मौत हो जाती है। यह पूरी घटना वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बताया जा रहा है मरने वाले को शराब पीने की लत थी। घटना के समय भी वह छत पर बैठ कर शराब पी रहा था।
बाउंड्री पर बैठकर कर रहा था ड्रिंक
मामला अंबा टॉकीज के सामने हरिजन बस्ती का है। मरने वाले का नाम सुरेश था। सोमवार देर शाम वह अपनी छत की बाउंड्री पर बैठ शराब पी रहा था। उस समय छत पर सुरेश के अलावा कोई नहीं था। घर से कुछ दूरी पर एक व्यक्ति खड़ा था और एक राहगीर निकल रहा था। इतने में अचानक सुरेश छत से सीधे सिर के बल नीचे गिरा। वहां से गुजर रहे दोनों व्यक्ति सुरेश के पास गए। उसकी जान जा चुकी थी। उसके परिजनों को आवाज लगाकर बाहर बुलाया। पूरी घटना की जानकारी दी।
आसपास के लोगों ने बताया, सुरेश की मौत छत से गिरते ही हो चुकी थी। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सुरेश की मौत के बाद उसके परिजनों ने शव का पोस्टमाॅर्टम भी नहीं करवाया। सुरेश के परिजनों ने बताया की सुरेश के तीन बच्चे हैं। उसकी आर्थिक हालत ख़राब थी। वह मजदूरी करता था। शराब पीने की आदत के कारण वह अपना घर भी सही से नहीं चला पाता था।


