
बीजेपी में घमासान, बरसे कटारिया : स्टार प्रचारक केवल नाम, पिछले तीन चुनावों में कहां थीं वसुंधरा






विधानसभा उप चुनाव में हार के बाद भाजपा में घमासान शुरू हो गया है। वसुंधरा राजे को स्टार प्रचारक बताने पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया ने टिप्पणी करते हुए कहा- स्टार प्रचारक नाम के रह गए हैं। पिछले चुनाव में वसुंधरा कहां थीं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधानसभा प्रतिपक्ष नेता गुलाब चंद कटारिया झुंझुनूं दौरे पर हैं। वे शनिवार को यहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ दो दिवसीय चिंतन बैठक में हिस्सा लेंगे। मीडिया ने कटारिया से उपचुनाव में हार और बीजेपी की स्टार प्रचारक वसुंधरा राजे पर सवाल किए तो वे बोले- स्टार प्रचारक सिर्फ नाम चल पड़ा है। पिछले तीन चुनावों में वसुंधरा राजे कहां थीं। पार्टी में व्यक्ति नहीं विचार महत्वपूर्ण होता है। पार्टी सामूहिक निर्णय से चलती है। उन्होंने मेवाड़ में हार पर कहा कि कुछ निर्णय गलत थे। पार्टी स्तर पर मंथन कर आगे बढ़ा जाएगा। उप चुनाव में हार पर वे बोले कि जो उम्मीदवार हमने दिया, उसे जनता ने स्वीकार नहीं किया। इसे स्वीकार करने में कोई ऐतराज नहीं है। कमी सुधारने का प्रयास करेंगे।


