
तस्वीर हुई साफ : प्रियंका-गहलोत की लगी मुहर, मंत्रिमंडल में फेरबदल होगा बड़े पैमाने पर






राजस्थान में मंत्रिमंडल विस्तार और सियासी नियुक्तियों को लेकर एक बार फिर सरगर्मियां बढ़ गई हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के दिल्ली दौरे के बाद अब मंत्रिमंडल विस्तार के रोडमैप को मंजूरी मिलने की संभावना बताई जा रही है। आज देर शाम राहुल गांधी के बंगले पर प्रियंका गांधी की मौजूदगी में संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रभारी अजय माकन और सीएम अशोक गहलोत के बीच राजस्थान के सियासी मुद्दों पर लंबी मंत्रणा हुई है। राहुल गांधी दिल्ली में नहीं थे।
राहुल गांधी के आवास पर बैठक के बाद राजस्थान कांग्रेस प्रभारी अजय माकन ने मीडिया से बातचीत में कहा- ‘मंत्रिमंडल विस्तार कभी भी हो सकता है। मंत्रिमंडल, 2023 विधानसभा चुनाव समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई है। आगे का रोडमैप क्या हो इस पर चर्चा की है। हम किस प्रकार 2023 में फिर से सत्ता में वापसी कर सकते हैं? उपचुनावों में कांग्रेस के अच्छे प्रदर्शन पर बात हुई हैं। बहुत सी बातों में कंफ्यूजन दूर हुआ है।’
गहलोत के दिल्ली दौरे में मंत्रिमंडल विस्तार पर फैसला होने की संभावना
सीएम अशोक गहलोत के दिल्ली दौरे में मंत्रिमंडल विस्तार के फॉर्मूले पर हाईकमान की मंजूरी मिलने का इंतजार है। अभी आगे और चर्चा होने की संभावना है। मंत्रिमंडल विस्तार में सचिन पायलट खेमे को जगह देने का फार्मूला भी तय होना है। अजय माकन के कंफ्यूजन दूर होने वाले बयान को पायलट कैंप के नेताओं को मंत्री बनाने और राजनीतिक नियुक्तियों में जगह देने पर सहमति बनने से जोड़कर देखा जा रहा है।


