[t4b-ticker]

बीकानेर में बढऩे लगी सर्दी, पारा नीचे गिरा, अब आगे क्या ?

खुलासा न्यूज, बीकानेर। राजस्थान में सर्दी अब जोर पकड़ने लगी है। राजधानी जयपुर के अलावा पश्चिमी राजस्थान के रेगिस्तानी इलाके बीकानेर , जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर में मंगलवार को तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हुई। शेखावाटी इलाके के चूरू, झुंझुनूं जिलाें में बीती रात न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के नजदीक पहुंच गया।

राजधानी जयपुर में बीती रात इस सीजन में अक्टूबर की सबसे सर्द रात रही। यहां आज न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पश्चिमी विक्षोभ का असर राजस्थान में पूरी तरह से खत्म और कश्मीर में बर्फबारी होने के कारण मौसम में यह असर देखने को मिला है।

जयपुर मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव खत्म होने के बाद राज्य में मौसम साफ होने से सर्दी का असर बढ़ा है। दिवाली तक मौसम में और भी बदलाव देखने को मिल सकता है। क्योंकि उत्तरी भारत के राज्यों से दक्षिण की तरफ हवाएं चलनी शुरू हो गई हैं। बीकानेर में आज रात के तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई है। इसके अलावा देर रात हल्की गति से सर्द हवाएं भी चली।

अब आगे क्या?
जयपुर मौसम विभाग की माने तो धनतेरस तक प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। दिन में धूप और सुबह-शाम सर्दी पड़ेगी। तापमान में भी 2-3 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट हो सकती है। उत्तरी भारत से आ रही ठंडी हवाएं राजस्थान के कई इलाकों में सर्दी बढ़ाएगी। बीकानेर, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, गंगानगर, हनुमानगढ़ जिलाें में तापमान में ज्यादा गिरावट देखने को मिलेगी। वहीं मध्य राजस्थान जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर क्षेत्र में भी तापमान 1-2 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है।

ये रहा प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान

शहर न्यूनतम तापमान
अजमेर 19.2
भीलवाड़ा 18.4
अलवर 18
जयपुर 18
पिलानी (झुंझुनूं) 13.9
सीकर 14.5
कोटा 20.4
उदयपुर 20.2
जैसलमेर 17.4
जोधपुर 19.7
बीकानेर 17.2
चूरू 13.5
गंगानगर 15.9
Join Whatsapp