Gold Silver

जयपुर में प्रॉपर्टी डीलर ने पत्नी को मार डाला: हत्या के बाद ससुर को फोन कर बोला- आपकी बेटी फोन नहीं उठा रही

जयपुर में मामूली कहासुनी के बाद बात इतनी बढ़ गई कि 25 अगस्त को प्रॉपर्टी डीलर ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। विवाहिता का शव कमरे में फर्श पर पड़ा मिला। उसके गले पर चोट के निशान थे। पिता ने शुक्रवार को दामाद के खिलाफ मानसरोवर थाने में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। शनिवार को पति को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले की जांच मानसरोवर थानाधिकारी दिलीप सोनी कर रहे हैं।

विष्णु शर्मा पुत्र सुनहरी लाल निवासी शांतिनगर, गुर्जर की थड़ी मानसरोवर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी शिखा (32) की शादी 20 फरवरी 2015 को ऋषिराज शर्मा (34) पुत्र शंभु दयाल शर्मा निवासी टोंक के साथ हुई थी। शिखा के एक बेटा-बेटी भी है और परिवार के साथ मेट्रो प्राइम, बलदेव नगर मान्यावास में रहते थे। शादी के बाद से ही ऋषिराज, शिखा के साथ छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करने लग गया था। शिखा ने यह बात कई बार बताई भी थी। ऋषिराज को समझाने के प्रयास भी किए गए।

मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या

वारदात 25 अगस्त शाम 4 बजे की है। प्रॉपर्टी डीलर ऋषिराज ने शिखा के साथ मारपीट की थी। कहासुनी इतनी बढ़ गई की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद वह वहां से निकल गया। उसी दिन शाम 5 बजे दामाद ने ससुर को फोन किया और बोला कि शिखा फोन नहीं उठा रही है। एक बार आप घर जाकर देख लो।। 15 मिनट के बाद शिखा के पिता विष्णु शर्मा और मां गीता फ्लैट पर पहुंचे। उनकी बेटी फर्श पर बेसुध पड़ी थी। 5 मिनट बाद ही ऋषिराज भी वहां आ गया। शिखा की गर्दन पर चोट के निशान थे। उसे मानसरोवर के निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। 26 अगस्त को पोस्टमॉर्टम कर, शव परिजनों को सौंप दिया गया। पिता ने 27 अगस्त को दामाद के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था। शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि ऋषिराज पहले गुमराह करता रहा। फिर उसने स्वीकार किया कि शिखा की हत्या उसी ने की थी।

Join Whatsapp 26