60 दिन में सबके वैक्सीनेशन की तैयारी:BMC ने वैक्सीन के लिए ग्लोबल टेंडर निकाला

60 दिन में सबके वैक्सीनेशन की तैयारी:BMC ने वैक्सीन के लिए ग्लोबल टेंडर निकाला

बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) ने वैक्सीनेशन की रफ्तार को तेज करने के लिए ग्लोबल टेंडर निकाला है। ‘स्‍पूतनिक V’ को लेकर सबसे अच्छा रिस्पांस देखने को मिल रहा है। 1 करोड़ वैक्सीन मुहैया करवाने के लिए तीन डिस्ट्रीब्यूटर कंपनियों ने टेंडर फाइल किया है। इस ग्लोबल टेंडर में फाइजर और मॉडर्ना जैसी विश्व स्तरीय वैक्सीन निर्माता कंपनियां भी शामिल हो सकती हैं।

वैक्सीन आयात करने में 7 अरब रु. खर्च होंगे
BMC के कमिश्नर इकबाल सिंह चहल ने बुधवार को एक इंटरव्यू में बताया कि मुंबई देश का पहला ऐसा शहर है जो स्वतंत्र रूप से टीके का आयात करने जा रहा है। BMC वैक्सीन आयात करने पर करीब 7 अरब रुपये (96 मिलियन डॉलर) खर्च करेगा।

60 दिन में मुंबई में पूरा हो सकता है वैक्सीनेशन
चहल ने बताया कि अगर उनके पास डेढ़ करोड़ डोज जाएंगी, तो 60 दिन में मुंबई के सभी लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई जा सकती है। टीकाकरण में तेजी से कोरोनावायरस की तीसरी लहर को टालने में मदद मिल सकती है।

18-44 साल के लोगों के लिए चाहिए 1 करोड़ डोज
अभी तक लंदन स्थित तालीसिन इंटरनेशनल लिमिटेड और हैदराबाद की दो कंपनियों ने टेंडर फाइल किया है। ये तीनों कंपनियां स्पूतनिक की अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर हैं। चहल ने बताया कि मुंबई में रहने वाले 18-45 साल के 50 लाख से ज्यादा लोग हैं, इनके लिए एक करोड़ डोज चाहिए।

कई बड़ी कंपनियां हो सकती हैं इस टेंडर प्रक्रिया में
टेंडर फाइल करने की आखिरी तारीख पहले 18 मई तक थी, जिसे बढ़ा कर 25 मई तक कर दिया गया है। सिर्फ स्पूतनिक ही नहीं कई अन्य ग्लोबल वैक्सीन निर्माताओं के लिए भी यह टेंडर निकाला गया है। इसमें फाइजर, जॉनसन एंड जॉनसन , सीरम, भारत बायोटेक और मॉडर्ना जैसी विश्व स्तरीय वैक्सीन निर्माता कंपनियां भी शामिल हो सकेंगी।

मुंबई में लगातार कम हो रहा कोरोना का संक्रमण
मुंबई में लगातार कोरोना संक्रमण के केस में कमी देखने को मिल रही है। एक महीने पहले तक यहां पॉजीटिविटी रेट 31% था जो अब कम होकर 5% पर पहुंच गया है। चहल ने दावा किया है कि यह दर कम होकर मई के अंत तक 2% पहुंच जाएगी।

5 करोड़ वैक्सीन डोज खरीदेगी महाराष्ट्र सरकार
मुंबई की तरह ही महाराष्ट्र सरकार अंतरराष्ट्रीय बाजार से 5 करोड़ वैक्सीन डोज खरीदेगी। राज्य सरकार ने भी अगले 8 दिन टेंडर प्रक्रिया पूरा करने का लक्ष्य रखा है। केंद्र द्वारा वैक्सीन आयात करने की अनुमति के बाद राज्य की ओर से टेंडर जारी किया गया है। टेंडर में कुछ जानकारियां मांगी गई हैं। जैसे- वैक्सीन निर्माता टीके की कितनी डोज देगा। वैक्सीन कितने दिनों में उपलब्ध होगी और इसकी कीमत कितनी होगी।

ठाणे और नवी मुंबई ने भी जारी किया टेंडर
मुंबई की तरह ही ठाणे और नवी मुंबई की नगर निगम ने भी वैक्सीन खरीदने के लिए ग्लोबल टेंडर निकाले हैं। बताया जा रहा है कि ठाणे नगर निगम जल्द ही पांच लाख कोरोना वैक्सीन खरीदेगी, वहीं नवी मुंबई नगर निगम कोरोना की चार लाख डोज खरीदना चाहती है।

Join Whatsapp
खबरें और विज्ञापन के लिए इस नंबर पर व्हाट्सएप करें- 76659 80000 |खबरें और विज्ञापन के लिए इस नंबर पर व्हाट्सएप करें- 76659 80000 |