
अश्लील क्लिप बनाकर महिलाएं करती थीं ब्लैकमेल:पुलिस ने किया गिरोह का पर्दाफाश






श्रीगंगानगर पुरानी आबादी थाना पुलिस ने बुधवार को एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया जो शहर के लोगों को अपने जाल में फंसा कर उनके अश्लील क्लिप बनाते और फिर उनसे रुपए ऐंठ लेते। इस गिरोह में महिलाएं शामिल हैं। ये महिलाएं पुरुषों को अपने जाल में फंसाती। जब पुरुष उनके झांसे में आ जाते तो उन्हें अपने घर तक बुलाती और जब पीड़ित महिला के घर पहुंच जाता तो उसके अश्लील क्लिप बनाकर उससे रुपए ऐंठती। पांच दिन पहले पुरानी आबादी थाना क्षेत्र में एक ऐसा ही मामला सामने आया तो पुलिस अलर्ट हुई और कुछ ही समय में तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। इनके गिरोह में कुछ और लाेग शामिल हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
पीड़ित ने दी थी पुलिस को रिपोर्ट
एक पीड़ित ने पुरानी आबादी थाने में दी रिपोर्ट में बताया था कि 12 नवम्बर को उसे पुरानी आबादी इलाके में एक महिला ने अपने घर बुलाया और जबर्दस्ती उसकी अश्लील क्लिप बना ली। इसके बाद महिला और उसके साथियों ने पीड़ित को झूठे मुकदमे में फंसाने का डर दिखाया और उससे रुपए की मांग की। आरोपियों ने पीड़ित से पांच लाख रुपए की मांग की थी। इसमें से एक लाख रुपए आरोपियों ने ऑनलाइन अपने खाते में ट्रांसफर करवाए जबकि शेष चार लाख रुपए के चैक इन आरोपियों ने ले लिए थे। इतनी बड़ी राशि की मांग को देखते हुए पीड़ित ने पुलिस से संपर्क करने का फैसला किया। थाने पहुंचे पीड़ित ने पूरी घटना की जानकारी दी। इस पर पुलिस हरकत में आई और जिस खाते में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन हुआ, उसकी डिटेल खंगाली। इस आधार पर आरोपियों के पते की जानकारी ली गई। पूरी प्लानिंग के साथ दबिश दी तो पुलिस की गिरफ्त में तीन महिलाएं आई। इन्हें थाने लाकर पूछताछ करने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ। एसएचओ कश्यपसिंह राघव ने बताया कि अभी तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। इनमें दौलतपुरा की वीरपाल कौर पत्नी बाबूसिंह और केसर पत्नी जेठाराम तथा संगतपुरा की हरजीत कौर पत्नी धर्मवीर शामिल है। इनसे पूछताछ की जा रही है। गिरोह में तीन-चार और लोग भी शामिल हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।


