पूरे प्रदेश में मानसून ने दी दस्तक, बीकानेर ग्रामीण अंचल में बारिश, विभाग ने जारी किया अलर्ट - Khulasa Online पूरे प्रदेश में मानसून ने दी दस्तक, बीकानेर ग्रामीण अंचल में बारिश, विभाग ने जारी किया अलर्ट - Khulasa Online

पूरे प्रदेश में मानसून ने दी दस्तक, बीकानेर ग्रामीण अंचल में बारिश, विभाग ने जारी किया अलर्ट

खुलासा न्यूज़, बीकानेर/ जयपुर। समय से एक दिन पहले आए दक्षिण पश्चिमी मानसून ने गुरुवार को दूसरे दिन प्रदेश के 27 जिलों में दस्तक दी। इस बार मानसून समय से पहले चल रहा है। प्रदेश में जल्दी आने के साथ ही 13 दिन पहले पूरे प्रदेश में छा गया है। अभी महज छह जिलों में मानसून आना बाकी है। शुक्रवार तक मानसून पूरे प्रदेश में आ जाएगा। वहीं गुरुवार को जयपुर जिले में भी मानसून ने दस्तक दे दी। राजधानी में तेज अंधड़ के साथ बूंदाबांदी हुई। गत 24 घंटे में भीलवाड़ा जिले के मांडल में सर्वाधिक चार इंच व भीलवाड़ा शहर में करीब ढाई इंच बारिश हुई। वहीं चित्तौडगढ़़ जिले के बेगूं में 10, संदेसर बांध पर 35, डूंगला में 14, भूपालसागर में 13, गंगरार में 18, कपासन में 13, चित्तौडगढ़़ में 7, भैसरोडगढ़़ में 6 एवं भदेसर में एक मिलीमीटर बारिश हुई।
बांसवाड़ा में शाम सवा चार बजे से करीब एक घंटे तक हल्की बारिश हुई। जिले के पालोदा क्षेत्र में कुछ देर तेज बारिश हुई। जोधपुर जिले के फलोदी, लोहावट, बावड़ी, आऊ, नौसर सहित कई स्थानों पर हल्की से लेकर मध्य में बरसात दर्ज की गई। जोधपुर शहर में अभी अच्छी बारिश का इंतजार है। बीकानेर शहर में गुरुवार दोपहर को धूलभरी आंधी चली व बूंदाबांदी हुई। झुंझुनूं के नवलगढ़ में गुरुवार दोपहर करीब एक बजे तेज अंधड़ के साथ करीब 15 मिनट तक तेज बरसात हुई। कोटा शहर में गुरुवार को बादल छाए, लेकिन बरसे नहीं। उदयपुर जिले में ज्यादातर हिस्से सूखे ही रहे, जबकि दोपहर में कुछ देर के लिए बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से गुरुवार तक 24 घंटे के दरमियान 4.1 मिमी बरसात दर्ज की गई। नागौर जिले के अधिकतर क्षेत्रों में दोपहर करीब दो से साढ़े चार बजे तक बारिश हुई। शहर में दोपहर बाद शुरू हुई बारिश करीब आधे घंटे तक चली, जिससे शहर की सड़क व निचले इलाकों में पानी भर गया। जिले के जायल क्षेत्र के तरनाऊ कस्बे सहित आसपास के गांवों में तेज हवा के साथ गुरुवार दोपहर में बारिश हुई। बारिश से क्षेत्र के किसान वर्ग के चेहरों पर खुशी छाई है। इसी प्रकार जायल, छोटी खाटू, बड़ी खाटू में भी तेज अंधड़ के बाद बारिश हुई। क्षेत्र के डेह कस्बे में तेज हवा के साथ बरसात होने से खेतों में पानी भर गया। वहीं बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर जिले में सुबह करीब आठ बजे पहले आंधी और इसके बाद बरसात शुरू हो गई। करीब आधे घंटे चली बरसात से शहर के कई इलाकों में पानी जमा हो गया। जिले के केसरीसिंहपुर, रिड़मलसर, सिद्धूवाला, रायसिंहनगर, दस सरकारी, रामसिंहपुर और राजियासर में आंधी के साथ वर्षा से मौसम में बदलाव आया वहीं जिले के सूरतगढ़, सूरतगढ़ थर्मल, बीरमाना और सादुलशहर में वर्षा से मौसम खुशनुमा हो गया। वहीं जिले के लालगढ़ जाटान, अनूपगढ़, श्रीबिजयनगर में आंधी चली। जिला मुख्यालय पर गुरुवार को 13.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
आज बीकानेर जिले में ग्रामीण अचंल में बारिश के समाचार मिले है। आज लूनकरणसर तहसील के मिठडिय़ा गांव, अरजनसर और रामबाग , महाजन में तेज हवा के साथ बारिश हुई। विभाग ने आगामी दो दिनों में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना जताई है।

error: Content is protected !!
Join Whatsapp 26