
अच्छी खबर : अब ऑटो महिलाएं भी हुई सेफ, बीकानेर में स्टार्ट हुई पिंक ऑटो सर्विस





खुलासा न्यूज़, बीकानेर। नगर निगम महापौर सुशीला कँवर राजपुरोहित ने नारी सशक्तिकरण एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नगर निगम में संचालित दीनादयाल अन्त्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत सम्बंधित अधिकारी को “पिंक ऑटो प्रोजेक्ट ” पर कार्य करने के निर्देश दिये हैं |
पिंक ऑटो रिक्शा में चालक महिलाऐं ही होंगी | प्रोजेक्ट के तहत शहर की महिलाओं को पिंक ऑटो रिक्शा उपलब्ध करवाए जायेंगे जिन्हें चलाकर महिलाऐं आर्थिक रूप से स्वतन्त्र होने की ओर पहला कदम रखेंगी | बीकानेर राजस्थान का दूसरा ऐसा शहर होगा जहाँ पिंक ऑटो रिक्शा चलेंगे | पिंक ऑटो से ना सिर्फ इन महिलाओं को आजीविका का स्त्रोत मिलेगा बल्कि स्कूल कॉलेज जाने वाली बच्चियों के अभिभावकों एवं महिलाओं की रोज शहर में यात्रा करते वक्त होने वाली असुरक्षा की भावना भी दूर होगी |
पिंक ऑटो प्रोजेक्ट के लिए महिलाओं से निशुल्क आवेदन लिए जायेंगे | इन महिलाओं को DAY-NULM योजना के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जायेगा | प्रत्येक स्वयं सहायता समूह में 10 महिलायें होंगी | योजना के तहत पूर्व में बने हुए स्वयं सहायता समूहों से जुडी महिलाऐं भी इस का हिस्सा बन सकेंगी | इन महिलाओं को ऑटो रिक्शा चलाने का प्रशिक्षण भी निशुल्क उपलब्ध करवाया जायेगा | प्रशिक्षण के बाद इन महिलाओं के ड्राइविंग लाइसेंस बनाये जायेंगे तथा ऑटो रिक्शा खरीदने के लिए इन महिलाओं को योजनान्तर्गत 2 लाख रु. का ऋण बैंकों के माध्यम से अनुदानित ब्याज दर 7 % पर उपलब्ध करवाया जायेगा |
शहर के मुख्य स्थान जहाँ महिलाओ एवं बच्चियों का आना जाना रह्ता है जैसे तोलियासर भैरूं जी की गली,लाभु जी का कटला, स्कूल, कॉलेज एवं मुख्य बाजारों पर पिंक ऑटो स्टैंड बनाए जायेंगे जिससे की इन ऑटो रिक्शा की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके | भविष्य में इन पिंक ऑटो रिक्शा की डिमांड को देखते हुए उबेर ओला जैसे ऑनलाइन बुकिंग एप्लीकेशन बारे में भी विचार किया जायेगा |

