Gold Silver

अंगीठी के धुएं में दम घुटने से 5 की मौत : सर्दी से बचने के लिए कमरे में जलाई थीं, चूरू और बीकानेर की घटनाएं

खुलासा न्यूज, बीकानेर/चूरू। सर्दी के मौसम में अंगीठी या हिटर चलाकर नींद में सोना कितना जानलेवा साबित हो सकता है इसका दर्दनाक उदाहरण सोमवार को बीकानेर संभाग में पांच लोगों की मौत के साथ सामने आया। दरअसल, बीकानेर व चूरू जिले में दो अलग-अलग घटनाएं हुई। जहां अंगीठी जलाकर सोये पांच लोगों की मौत हो गई। बीकानेर में पति-पत्नी तो चूरू में सास, बहू व पोती की मौत हो गई।  चूरू जिले के रतनगढ़ में सर्दी से बचने के लिए कमरे में सिगड़ी जलाकर सोए परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई। 3 महीने के मासूम की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं बीकानेर में ऐसी ही घटना में पति-पत्नी की मौत हो गई। रतनगढ़ पुलिस के अनुसार रविवार रात को गौरीसर गांव निवासी अमरचंद प्रजापत की पत्नी सोना देवी (58), बहू गायत्री देवी (36) पति राजकुमार, पोती तेजस्विनी (3) और 3 महीने का पोता खुशीलाल एक कमरे में सो रहे थे। रात में सर्दी से बचने के लिए सास-बहू ने कमरे में सिगड़ी जला रखी थी। सोमवार सुबह करीब 8 बजे तक उनके कमरे का गेट नहीं खुला तो अमरचंद ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई आवाज नहीं आई। अमरचंद ने खिड़की तोड़कर देखा तो सभी लोग चारपाई पर सोते नजर आए। कोई हलचल नहीं थी। 3 महीने का पोता खुशीलाल रो रहा था। अमरचंद खिड़की से कमरे में घुसा। पत्नी, बहू और पोती मृत पड़े थे। दादा ने 3 महीने के पोते खुशीलाल को बाहर निकाला। पड़ोसी बच्चे को अस्पताल ले गए। बच्चे की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसको चूरू के डीबी अस्पताल रेफर कर दिया। यहां बच्चे को वेंटिलेटर पर रखा गया है। शुरुआती जांच में सामने आया कि रात को सिगड़ी से निकले धुएं से कमरे में कार्बन मोनो ऑक्साइड गैस बढ़ गई। इसी गैस के कारण दम घुट गया और सास-बहू और पोती की मौत हो गई।

बीकानेर में पति-पत्नी की मौत
बीकानेर के बीछवाल थाना एरिया में पति-पत्नी की दम घुटने से मौत हो गई। ये दोनों कुच बिहार के रहने वाले हैं और यहां मजदूरी करने आए हुए थे। बताया जा रहा है कि रात को सिगड़ी जलाकर दोनों सो गए थे और दम घुटने से दोनों की मौत हो गई। बीछवाल पुलिस के अनुसार अनिल (40) व पूर्णिमा (36) अपने घर में सो रहे थे। सुबह घर में कोई हलचल नहीं हुई तो आसपास के लोगों ने संभाला। दोनों के शरीर में किसी तरह की हरकत नहीं होने पर पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद दोनों को पीबीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। जहां ये सोए हुए थे, वहां पास में ही सर्दी से बचने के लिए सिगड़ी जलाई हुई थी। इसी कारण इनका दम घुटता रहा। दोनों नींद में ही सोए रह गए। दोनों यहां करणी इंडस्ट्रियल एरिया में एक फैक्ट्री सन्नी वूलन मिल में मजदूरी का काम करते थे और कूच बिहार के रहने वाले थे।

Join Whatsapp 26