
नदी में डूबने से 30 वर्षीय किसान की मौत, खेत में पानी देते वक्त अनियंत्रित होकर गिरा





नदी में डूबने से 30 वर्षीय किसान की मौत, खेत में पानी देते वक्त अनियंत्रित होकर गिरा
अनूपगढ़। घग्घर नदी में एक किसान की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अनूपगढ़ के गांव 68/3 जीबी के बलराम (30) पुत्र सोहनलाल नायक के रूप में हुई। घटना रात करीब 10 बजे की है। बताया जा रहा है कि बलराम अपने खेत में घग्घर नदी का पानी लगा रहा था। इसी दौरान वह अनियंत्रित होकर नदी में गिर गया। पास में काम कर रहे किसानों ने उसे हाथ-पैर मारते देखा। वे तुरंत मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक बलराम नदी में डूब चुका था।
घटना की सूचना तुरंत प्रशासन को दी। घटना की सूचना मिलते ही गिरदावर रामकुमार लदोईया, रामसिंहपुर और किसान नेता जसवंत सिंह चन्दी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटना के करीब 11 घंटे बाद गोताखोरों ने किसान का शव बरामद कर लिया। शव को रामसिंहपुर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। भारतीय किसान संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष जसवंत सिंह चन्दी ने बताया कि मृतक बलराम का पुत्र था। वह दो बच्चों का पिता था और खेती का काम करता था। घटना के समय नदी में पानी का स्तर 8 फीट था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

