नशे के आदी रेलवे कर्मी ने लगाई फांसी

नशे के आदी रेलवे कर्मी ने लगाई फांसी

खुलासा न्यूज श्रीगंगानगर। रेलवे के तकनीकी कर्मचारी युवक ने मानसिक परेशानी व नशे की लत के चलते जान दे दी। यह घटना शुक्रवार शाम को युवक के घर पर ही हुई। जवाहरनगर पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। इधर एक युवक की नशे की ओवरडोज की वजह से मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। यह घटना भी जवाहरनगर थाना एरिया में हुई। दोनों घटनाओं के जांच अधिकारी एएसआई कंवरपालसिंह राठौड़ ने बताया कि 24 वर्षीय रवि कुमार दुग्गल पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र अग्रसेन नगर में अपनी मां के साथ रहता था। वह रेलवे में तकनीकी कर्मचारी था। मानसिक रूप से परेशान युवक नशे का आदी भी था। उसने शुक्रवार को दिन में अपने घर पर फंदा लगाकर जान दे दी। वह शादीशुदा था लेकिन उसकी पत्नी उससे अलग रहती है। उसके शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। इधर मटीली राठान थाना क्षेत्र के गांव 5सी निवासी 24 वर्षीय यादवेंद्र सिंह पुत्र देवेंद्र सिंह का शव पुरानी शुगर मिल एरिया में गंदे पानी के गढ्ढे के पास शुक्रवार सुबह मिला। लोगों की सूचना पर शव मोर्चरी में रखवाया गया। सूचना पर पहुंची उसकी पत्नी सुखप्रीत कौर ने परिवाद दिया है कि उसका पति शराब व स्मैक तथा गोलियों के नशे का आदी था। इसलिए उसकी अधिक नशा करने से मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया।

Join Whatsapp
खबरें और विज्ञापन के लिए इस नंबर पर व्हाट्सएप करें- 76659 80000 |खबरें और विज्ञापन के लिए इस नंबर पर व्हाट्सएप करें- 76659 80000 |