
दो बहनों से रेप करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पूर्व में पांच लोगों की हत्या के आरोप में 20 साल की काट चुका है जेल






खुलासा न्यूज बीकानेर। जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में दो नाबालिग बहनों के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पूर्व में पांच लोगों की हत्या के आरोप में 21 साल की जेल काट चुका है। सजा पूरी होने के बाद जेल से बाहर आया हुआ था। अब वापिस जेल जाना होगा। आरोपी ने आडसर-सुरजनसर रोड पर सरकारी जमीन पर घर बना लिया था। आरोपी ने घर में एक मंदिर बना रखा था और यहां तांत्रिक क्रिया करता था। दोनों मौसेरी बहनें अपने मामा के घर आई हुई थी। वह घर पर बिना बताए बाहर चली गई थी। आरोपी ने नंगे पांव घूम रही बहनों से प्रसाद देने के बहाने बात की। फिर नई चप्पल देने का लालच देकर घर में ले जाकर उनके साथ रेप किया था। उसके बाद उसने दोनों बच्चियों को चारा काटने वाली दरांती दिखाकर गला काटने की बात कही और किसी को घटना के बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। डर के कारण बच्चियां कुछ देर तक चुप रहीं, लेकिन बाद में परिजनों को सारी बात बता दी। जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को रिपोर्ट देते हुए मुकदमा दर्ज करवाया। पुलिस के अनुसार आरोपी श्रीभगवान को पुलिस ने शुक्रवार देर शाम को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी साल 1993 में बीदासर में ज्वेलर्स के घर में लूट और 5 लोगों की हत्याओं के मामले में 20 साल जेल में रह चुका है। घटनाक्रम के अनुसार श्रीभगवान बीदासर में एक ज्वेलर के घर में चोरी के इरादे से घर में घुसा था। इस दौरान उसने 2 महिलाओं और 3 बच्चों की हत्या कर दी थी। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उसे गिरफ्तार किया और जांच पूरी कर कोर्ट में चालान पेश किया था। सुनवाई के बाद रतनगढ़ कोर्ट और राजस्थान हाईकोर्ट ने श्रीभगवान को फांसी की सजा सुनाई थी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने फांसी की सजा को बीस साल की जेल की सजा में बदल दिया था। सजा पूरी होने के बाद 2013 में वह जेल से बाहर आ गया था।


