
1 लाख से अधिक बकाया यूडी टैक्स वाली संपत्तियों को आज से सीज करेंगे





खुलासा न्यूज बीकानेर। नगर निगम ने बकाया नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) की वसूली के लिए रवैया अपना लिया है। शुक्रवार को कोयला गली में एक संपत्ति को सीज किया जाएगा। शहर में एक लाख से अधिक बकाया यूडी टैक्स की 900 संपत्तियां हैं। इन सभी को नोटिस जारी हो चुके हैं। शुक्रवार को तीन संपत्तियों को सीज करने के लिए चुना गया था। इनमें से खतूरिया कॉलोनी स्थित जिम ने ढाई लाख और तोलियासर भैरूजी मार्केट स्थित एक कटले ने दो लाख 70 हजार रुपए यूडी टैक्स के रूप में गुरुवार को जमा करा दिए।
900 प्रोपर्टी पर बकाया है 1 लाख से अधिक यूडी टैक्स
निगम में यूडी टैक्स के प्रभारी अधिकारी जगमोहन हर्ष ने बताया कि शुक्रवार को कोयला गली स्थित एक शॉपिंग काम्पलेक्स को सीज करने की कार्रवाई की जाएगी। इस पर पांच लाख 51 हजार से अधिक का यूडी टैक्स और पेनल्टी 13 साल से बकाया है। उन्होंने बताया कि सरकार ने नगरीय विकास कर एक मुश्त जमा कराने पर ब्याज व शास्ति पर शत प्रतिशत छूट दी है। वर्ष 2011-12 से पूर्व की बकाया राशि पर ब्याज पेनल्टी के साथ मूल बकाया में 50 प्रतिशत की छूट भी दी गई है।


