
बीकानेर में यूथ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, अध्यक्ष उदय भानु ने कहा – राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को एक्सपोज कर दिया





यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु ने कहा – राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को एक्सपोज कर दिया
खुलासा न्यूज़, बीकानेर। वोट चोरी के मुद्दे को लेकर यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब गुरुवार को बीकानेर पहुंचे। उन्होंने रविंद्र रंगमंच पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और इसके बाद कलेक्टरी परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। चिब के स्वागत के लिए एयरपोर्ट से लेकर रविंद्र रंगमंच तक जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया।
पत्रकारों से बातचीत में चिब ने कहा कि वर्तमान सरकार वोट चोरी कर सत्ता में आई है और राहुल गांधी ने इस सच्चाई को उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि यहां तक कि इलेक्शन कमिश्नर भी “बैक डोर एंट्री” से आए हैं। राजस्थान में नशाखोरी और बेरोजगारी के खिलाफ यूथ कांग्रेस आंदोलन चला रही है।
बीकानेर के अंत्योदय नगर में कार्यकर्ताओं ने चिब का भव्य स्वागत किया। इस दौरान 2 जेसीबी मशीनों से पुष्प वर्षा की गई और चिब व जिलाध्यक्ष भंवर कूकणा को कार्यकर्ताओं ने कंधों पर बैठाकर नारे लगाते हुए रविंद्र रंगमंच तक ले गए।
कांग्रेस नेताओं पर हुए हालिया लाठीचार्ज के विरोध में “वोट चोर गद्दी छोड़” नारे के साथ यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टरी पर प्रदर्शन किया। प्रशासन ने पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए थे। आशंका के बावजूद विरोध शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ और चिब सहित सभी कार्यकर्ता वापस लौट गए।
इस दौरान विधायक अभिमन्यु पूनिया, जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत, देहात जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग, कांग्रेस नेता अरुण व्यास, प्रदेश महासचिव सुरेश तेतरवाल, पूर्व जिला प्रमुख सुशीला सिवर और यूथ कांग्रेस अध्यक्ष भंवर कूकणा मौजूद रहे।

