महिला जागृति अभियान ‘सक्षमा’ को समर्पित रहेगा पूरा साल - Khulasa Online महिला जागृति अभियान ‘सक्षमा’ को समर्पित रहेगा पूरा साल - Khulasa Online

महिला जागृति अभियान ‘सक्षमा’ को समर्पित रहेगा पूरा साल

श्री मक्खन जोशी वेलफेयर सोसायटी की पहल
बीकानेर। जननेता स्व. मक्खन जोशी की पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को महिला जागृति अभियान ‘सक्षमा’ की शुरूआत होगी। अभियान के तहत पूरे साल महिला जागृति की विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
श्री मक्खन जोशी वेलफेयर सोसायटी के सचिव अविनाश जोशी ने बताया कि संस्था द्वारा सामाजिक सरोकारों की गतिविधियों की शृंखला में एक ओर पहल की जाएगी। महिलाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर और स्वावलम्बी बनाने के साथ उन्हें आवश्यकता के अनुरूप सहायता उपलब्ध करवाने, बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में सफलता अर्जित कर मिसाल प्रस्तुत करने वाली महिलाओं का सम्मान एवं संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जोशी ने बताया कि ‘सक्षमा’ की शुरूआत 14 जनवरी को स्व. मक्खन जोशी की पुण्यतिथि से होगी। इस दिन दोपहर 12ः30 बजे व्यास पार्क के पास स्थित अभिरुचि प्रेक्षागृह में अभियान के ‘लोगो’ का विमोचन किया जाएगा। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती सुशीला कंवर बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगी। उन्होंने बताया कि स्व. मक्खन जोशी की 19वीं पुण्यतिथि पर प्रारम्भ होने वाला यह अभियान वर्ष पर्यंत चलेगा तथा इस दौरान अनेक नवाचार किए जाएंगे।
समारोह की तैयारियों के संबंध में सोमवार को संस्था कार्यालय में बैठक हुई। संस्था अध्यक्ष शांति प्रसाद बिस्सा ने बताया कि संस्था द्वारा पूर्व में पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण, स्वच्छता, पाॅलीथीन बहिष्कार जैसे सामाजिक सरोकार के कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इसी कड़ी में इस बार यह शुरूआत होगी। ‘सक्षमा’ के तहत देश की प्रतिष्ठित महिलाओं को बीकानेर आमंत्रित किया जाएगा तथा ऐसी महिलाएं अभियान की ‘ब्रांड एम्बेसडर’ होंगी।
पूर्व में आयोजित हुए हैं विभिन्न कार्यक्रम
संस्था द्वारा वर्ष 2016 में ‘ग्रीन बीकाणा-क्लीन बीकाणा’, 2017 में ‘सेव एनवायरमेंट सेव ह्यूमन’ वर्ष 2018 में ‘युवा जागृति अभियान’, वर्ष 2019 में ‘स्वच्छ, स्वस्थ और शिक्षित बीकानेर’ जैसे अभियान चलाए गए। ‘स्वच्छ, स्वस्थ और शिक्षित बीकानेर’ अभियान के तहत डेढ महीने का योग प्रशिक्षण शिविर, स्वच्छता जागरुकता गतिविधियां आयोजित की गई। वहीं 1 जनवरी 2000 को जन्मे मिलेनियर वोटर्स का सम्मान जैसे  नवाचार भी किए गए।

error: Content is protected !!
Join Whatsapp 26